गुरुवार, 2 फ़रवरी 2017

PNB बैंक देगा अब कर्मचारियों को  लोन

बडी राहत~PNB बैंक देगा अब कर्मचारियों को  लोन

हरियाणा सरकार के करीब तीन लाख कर्मचारियों को मकान बनाने अथवा अपनी बहन-बेटियों के हाथ पीले करने के लिए कर्ज लेने को अब खजाना मंत्री के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। खुद खजाना मंत्री की पहल पर सरकार ने कर्मचारियों को इस झंझट से मुक्ति दिलाते हुए हाउस, व्हीकल और पर्सनल लोन देने की जिम्मेदारी पंजाब नेशनल बैंक को दी है। इसका फायदा कर्मचारियों के साथ-साथ सरकार को भी होगा।

कर्मचारियों को लोन देने के लिए सरकार को बजट में हर साल 200 करोड़ रुपये का प्रावधान करना पड़ता है। अब इस राशि को विकास की अन्य मदों में एडजेस्ट किया जा सकेगा। पंजाब नेशनल बैंक सरकार को 700 करोड़ रुपये की वह राशि भी देगा, जो सरकार ने कर्मचारियों को अभी तक लोन के रूप में दे रखी है।

कर्मचारियों को लोन स्वीकृत करने की स्वैच्छिक पावर वित्त मंत्री के पास थी, जिसे अब बैंक को ट्रांसफर कर दिया गया है। कर्मचारियों के तमाम पिछले लोन केस भी पीएनबी के पास ट्रांसफर हो जाएंगे। सरकारी कर्मचारी 10 लाख रुपये तक लोन लेने के पात्र हैं, मगर बैंक उन्हें अब इससे भी अधिक राशि का लोन दे सकेंगे।

सरकार 8 फीसद वार्षिक की दर पर लोन उपलब्ध कराती थी और बैंक 8.2 फीसद की दर पर लोन देंगे, लेकिन कर्मचारियों को ब्याज का भुगतान 8 फीसद की दर से ही करना पड़ेगा। 0.2 फीसद के अतिरिक्त ब्याज के रूप में 20 से 29 करोड़ रुपये की राशि सरकार की तरफ से बैंकों को दी जाएगी। यानी कर्मचारियों पर कोई अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ा बल्कि लोन के लिए वित्त मंत्री के चक्कर काटने से जरूर बच गए।

कर्मचारियों को बैंक के जरिए लोन देने की शुरुआत शुक्रवार से होने जा रही है। राजधानी चंडीगढ़ और पंचकूला में सभी सरकारी विभाग हैं। मुख्यालय के कर्मचारियों की सुविधा के लिए पंचकूला में पीएनबी स्पेशल ब्रांच खोल रहा है, जिसका उद्घाटन वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु शुक्रवार को करेंगे!

लेबल:

0 टिप्पणियाँ:

एक टिप्पणी भेजें

सदस्यता लें टिप्पणियाँ भेजें [Atom]

<< मुख्यपृष्ठ